
बिहार से इस वक्त की बड़ी खबर
सीतामढ़ी जिले के रसलपुर गांव से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां रहने वाले रामिकबल मुखिया, जिन्हें गांव में सत्तन मुखिया के नाम से भी जाना जाता है, के घर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा घर जलकर राख हो गया।

इस भीषण आग की घटना में घर में रखा सारा सामान, अनाज, कपड़े और जरूरी कागजात भी जलकर खाक हो गए। बताया जा रहा है कि परिवार अब खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू तो पाया गया, लेकिन तब तक सब कुछ खत्म हो चुका था।
सबसे बड़ी बात यह है कि घटना के बाद भी प्रशासन की ओर से कोई ठोस मदद नहीं पहुंची है। पीड़ित परिवार का कहना है कि अब तक न तो कोई अधिकारी मौके पर आया और न ही किसी तरह की राहत सामग्री दी गई है।
स्थानीय लोगों में इसको लेकर भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार गरीबों के लिए कई योजनाओं का दावा करती है, लेकिन जरूरत के समय प्रशासन की उदासीनता सामने आ जाती है।
अब देखना यह होगा कि कब तक प्रशासन जागेगा और इस गरीब परिवार को राहत और सहायता मिल पाएगी या नहीं।
फिलहाल पीड़ित परिवार मदद की आस में है। क्या सरकार और प्रशासन इनकी सुध लेगा? यह एक बड़ा सवाल है। इस मामले पर हमारी नजर बनी हुई है।




