E-Paperhttps://live24bharat.live/wp-content/uploads/2024/01/jjujuu.gifटॉप न्यूज़दुनिया
Trending

अमेरिका हरक्यूलिस विमान से ईरान में अपने पायलट तलाश रहा:दुश्मन देश में घुसकर एक को बचाया, दूसरे की खोज जारी

दूसरे की खोज जारी

अमेरिका ईरान में गिराए गए अपने फाइटर जेट के पायलट की तलाश में लगा हुआ है। इस मिशन के लिए C-130 हरक्यूलिस जैसे बड़े विमान का इस्तेमाल किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें यह विमान ईरान के ऊपर बेहद कम ऊंचाई पर उड़ते हुए फ्लेयर्स छोड़ रहा है।

विमान से फ्लेयर छोड़ने का मतलब है कि फाइटर जेट खुद को मिसाइलों से बचाने के लिए पीछे की तरफ गर्म फ्लेयर्स छोड़ते हैं। मिसाइल विमान के इंजन की गर्मी की जगह इन फ्लेयर्स को अपना टारगेट समझ लेती है और उन पर हमला कर देती है, जबकि असली विमान बच जाता है।

इसी बीच इजराइल के एक अधिकारी ने दावा किया है कि अमेरिकी जेट के एक पायलट को ईरान के अंदर से जिंदा बचा लिया गया है। दूसरे पायलट की तलाश अभी भी जारी है। हालांकि इस दावे की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

इससे पहले ईरान ने दावा किया था कि उसने अमेरिकी F-35 फाइटर जेट गिराया है, हालांकि कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया है कि वह F-15E विमान हो सकता है।

ईरान में अमेरिकी पायलट को पकड़ने पर ₹55 का लाख इनाम

ईरान ने अमेरिकी फाइटर जेट के पायलट को पकड़ने पर 10 बिलियन ईरानी तोमान (लगभग 55 लाख रुपए) के इनाम का ऐलान किया है। ईरान के सरकारी मीडिया IRIB के एक एंकर ने नागरिकों से अपील की है कि वे अमेरिकी पायलट को जिंदा पकड़कर सरकारी अधिकारी या सेना को सौंपे।

लाइव अपडेट्स

8 मिनट पहले

दुबई मरीना में इमारत पर मलबा गिरा

दुबई मरीना इलाके में एक इमारत पर हवाई हमले को रोकने के दौरान गिरा मलबा आ गिरा। दुबई मीडिया ऑफिस के अनुसार, इस घटना के बाद तुरंत कार्रवाई की गई, लेकिन इसमें न तो आग लगी और न ही किसी के घायल होने की खबर है।

इससे पहले संयुक्त अरब अमीरात के अधिकारियों ने बताया था कि अबू धाबी के हबशन गैस प्लांट पर हुए हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए।

17 मिनट पहले

अमेरिकी सांसद बोले- संसद की मंजूरी के बिना युद्ध फंडिंग का समर्थन नहीं

अमेरिकी रिपब्लिकन सांसद जॉन कर्टिस ने कहा है कि वह ईरान के खिलाफ ट्रम्प की कार्रवाई का समर्थन करते हैं, लेकिन आगे के सैन्य अभियानों के लिए फंडिंग तभी देंगे जब संसद औपचारिक रूप से युद्ध की घोषणा करे।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा, “मैं सैन्य तैयारी बनाए रखने और हथियारों के भंडार को भरने का समर्थन करता हूं, लेकिन युद्ध घोषणा के बिना आगे के सैन्य अभियानों के लिए फंडिंग का समर्थन नहीं कर सकता।”

अमेरिकी संविधान के अनुसार, युद्ध घोषित करने का अधिकार संसद के पास है। हालांकि, पिछले कई वर्षों में अमेरिकी राष्ट्रपति बिना औपचारिक घोषणा या संसद की मंजूरी के भी सैन्य कार्रवाई करते रहे हैं।

40 मिनट पहले

अमेरिकी विमानों को गिराने के बाद ईरान में जश्न

ईरान में अमेरिकी विमानों को गिराने के दावों के बाद सड़कों पर जश्न का माहौल देखा जा रहा है। ईरान में इन घटनाओं को लेकर काफी गर्व और उत्साह का माहौल है।

ईरानी अधिकारियों का कहना है कि वे शुरुआत से ही ऐसे कदमों का वादा कर रहे थे और उनके पास ऐसी क्षमताएं हैं जो अभी तक पूरी तरह इस्तेमाल नहीं हुई हैं। उनका कहना है कि आज की घटनाओं से यह साफ हो गया है।

ईरान ने आगे और हमले करने की भी बात कही है और कहा है कि अमेरिका ने उनकी सेना और रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) की ताकत को कम आंका है।

51 मिनट पहले

इराकी समूह का दावा- अमेरिकी ठिकानों पर एक दिन में 19 हमले

इराक के सशस्त्र संगठन इस्लामिक रेजिस्टेंस इन इराक ने दावा किया है कि उसके लड़ाकों ने पिछले एक दिन में इराक और आसपास के क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर 19 हमले किए हैं।

समूह के अनुसार, इन हमलों में कई दर्जन ड्रोन और मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया। हालांकि, इन दावों को लेकर अभी तक अमेरिकी पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।

08:30 AM4 अप्रैल 2026

इजराइली वायुसेना ने हिजबुल्लाह के रॉकेट लॉन्चर पर हमला किया

इजराइल की वायुसेना ने लेबनान में हिजबुल्लाह के एक रॉकेट लॉन्चर को निशाना बनाकर हमला किया। इजराइली सेना (IDF) के अनुसार, इस लॉन्चर का इस्तेमाल कुछ ही मिनट पहले उत्तरी इजराइल पर रॉकेट दागने के लिए किया गया था।

सेना ने बताया कि हमले के कुछ ही मिनटों बाद इस लॉन्चर को बमबारी कर नष्ट कर दिया गया। IDF के मुताबिक, हिजबुल्लाह की ओर से किए गए रॉकेट हमले में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

08:21 AM4 अप्रैल 2026

ईरानी पुल पर हमले में 13 लोगों की मौत

ईरान में तेहरान और कराज के बीच स्थित B1 पुल पर हुए हमले में अब मरने वालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, तेहरान में शाहिद बेहेश्ती यूनिवर्सिटी पर भी हवाई हमला किया गया। पिछले कुछ दिनों में कई आम नागरिकों से जुड़े संस्थानों को नुकसान पहुंचा है या वे पूरी तरह नष्ट हो गए हैं।

इसके अलावा, तेहरान में वैक्सीन बनाने वाले पाश्चर इंस्टीट्यूट पर भी 24 घंटे पहले हमला हुआ था।

08:05 AM4 अप्रैल 2026

ईरानी मिसाइल हमले से इजराइल के कई इलाकों में नुकसान

ईरानी मिसाइल हमले के बाद इजराइल में नुकसान और अफरा-तफरी की खबरें सामने आई हैं।

इजराइल की वल्ला न्यूज एजेंसी के अनुसार, तेल अवीव के पास बनी ब्राक इलाके में कांच के टुकड़ों से एक व्यक्ति घायल हो गया। साथ ही, इंटरसेप्ट किए गए ईरानी मिसाइल के टुकड़े 17 अलग-अलग जगहों पर गिरे।

एजेंसी ने बताया कि रोश हआयिन के एक रिहायशी इलाके में भी मिसाइल का असर हुआ, जिससे काफी नुकसान हुआ और वहां बिजली भी चली गई। वहीं, एक किंडरगार्टन (बच्चों के स्कूल) के पास भी मलबा मिला है।

स्कूल) के पास भी मलबा मिला है।

07:55 AM4 अप्रैल 2026

पायलट की तलाश के लिए 2 ऑपरेशन चला रहा अमेरिका

अमेरिकी अधिकारियों ने अल जजीरा को बताया कि फाइटर जेट गिरने के बाद सर्च और रेस्क्यू अभियान चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, अभी दो सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहे हैं। पहला ऑपरेशन उस एयरमैन की तलाश के लिए है जो फाइटर जेट में था और शुक्रवार को दक्षिण-पश्चिम ईरान में गिर गया था।

दूसरा ऑपरेशन A-10 वारथोग विमान से जुड़ा है, जो खाड़ी क्षेत्र में होर्मुज के पास गिरा। इस विमान में भी दो लोग सवार थे, जिनमें से एक को बचा लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।

इसके अलावा, दुर्घटना के बाद लापता एयरमैन को खोजने गए दो ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टरों पर ईरान की एयर डिफेंस सिस्टम से फायरिंग की हालांकि, हेलीकॉप्टर को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ और वे अभी भी अपना ऑपरेशन जारी रखे हुए हैं।

07:47 AM4 अप्रैल 2026

व्हाइट हाउस ने ट्रम्प को फाइटर जेट गिरने की जानकारी दी

अमेरिका के एक फाइटर जेट को ईरान में गिराए जाने की घटना को लेकर कई जानकारी सामने आई हैं। व्हाइट हाउस ने पुष्टि की है कि ट्रम्प को इस घटना की जानकारी दे दी गई है।

यह घटना ऐसे समय में हुई है जब ईरान के सरकारी टीवी ने ऐलान किया कि जो कोई भी अमेरिकी पायलटों को जिंदा पकड़कर लाएगा, उसे इनाम दिया जाएगा।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह जेट F-15E लड़ाकू विमान था, जिसमें दो लोग सवार थे एक पायलट और एक हथियार सिस्टम अधिकारी। दोनों ने हमले के बाद सुरक्षित तरीके से इजेक्ट (कूदकर बाहर निकलना) कर लिया।

अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, इन दोनों में से एक क्रू मेंबर को अमेरिकी सेना ने बचा लिया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।

बताया जा रहा है कि ईरान भी अपने स्तर पर इन पायलटों की तलाश कर रहा है और स्थानीय लोगों से मदद मांगी जा रही है। फिलहाल दूसरे लापता क्रू मेंबर को खोजने के लिए लगातार ऑपरेशन जारी है।

07:33 AM4 अप्रैल 2026

लेबनान में हिजबुल्लाह ने इजराइली सैनिकों पर हमला किया

लेबनान में हिजबुल्लाह ने कहा है कि उसने आज इजराइली सैनिकों पर हमले किए।

हिजबुल्लाह के अनुसार, उसने रात 12:20 बजे (स्थानीय समय) ऐनाता कस्बे के अल-सिद्र पहाड़ी इलाके में इजराइली सैनिकों पर रॉकेट दागे। इसके बाद रात 1:05 बजे मारौन अल-रास के सीमा क्षेत्र में काहिल ट्रायंगल पर भी रॉकेट हमला किया गया।

समूह ने यह भी दावा किया कि रात 1:45 बजे हुला कस्बे में एक मर्कवा टैंक में मौजूद इजराइली सैनिकों को गाइडेड मिसाइल से निशाना बनाया गया, जिससे टैंक में आग लग गई।

इससे पहले हिजबुल्लाह ने बताया था कि उसने शुक्रवार को इजराइल के ठिकानों पर कुल 48 हमले किए थे।

07:16 AM4 अप्रैल 2026

बहरीन में ईरानी ड्रोन गिरा, मलबा गिरने से 4 घायल, घरों को नुकसान

बहरीन के सितरा इलाके में एक ड्रोन गिराए जाने के बाद उसका मलबा रिहायशी इलाके में गिर गया, जिससे चार लोग घायल हो गए और कई घरों को नुकसान पहुंचा है।

बहरीन के गृह मंत्रालय के अनुसार, यह ड्रोन ईरान का था, जिसे गिराए जाने के बाद उसके टुकड़े नीचे गिर गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

07:16 AM4 अप्रैल 2026

NATO चीफ की 8 अप्रैल को अमेरिकी राष्ट्रपति से मुलाकात

ईरान युद्ध को लेकर बढ़ते तनाव के बीच NATO के सेक्रेटरी जनरल मार्क रुट अगले हफ्ते 8 अप्रैल को ट्रम्प से मुलाकात करेंगे। यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब ट्रम्प ने NATO से बाहर निकलने के संकेत दिए हैं।

NATO के अनुसार, रुट ट्रम्प से मुलाकात के बाद विदेश मंत्री मार्को रूबियो और रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ से भी चर्चा करेंगे। ट्रम्प ने यूरोपीय सहयोगियों पर आरोप लगाया है कि वे ईरान के खिलाफ जंग में उनका साथ नहीं दे रहे हैं।

उन्होंने खासतौर पर होर्मुज को खोलने में मदद न मिलने और सैन्य ठिकानों के इस्तेमाल पर रोक को लेकर नाराजगी जताई है। कुछ दिन पहले राष्ट्रपति ट्रम्प ने NATO को कागजी शेर बताते हुए गठबंधन छोड़ने पर विचार करने की बात कही है।

07:13 AM4 अप्रैल 2026

हमले के कुछ घंटों में मिसाइल बंकरों को फिर एक्टिव कर रहा ईरान

अमेरिका और इजराइल के हमलों के बावजूद ईरान तेजी से अपने मिसाइल बंकरों को दोबारा एक्टिव कर रहा है। अमेरिकी खुफिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमले के कुछ ही घंटों में अंडरग्राउंड मिसाइल साइट्स से मलबा हटाकर उन्हें फिर से चालू किया जा रहा है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि ईरान ने बड़ी संख्या में मिसाइल और मोबाइल लॉन्चर सुरक्षित रखे हैं, जिससे उसकी सैन्य क्षमता पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। अमेरिकी एजेंसियों के अनुसार, यह स्पष्ट नहीं है कि हमलों में कितने लॉन्चर नष्ट हुए हैं, क्योंकि ईरान ने नकली (डिकॉय) लॉन्चर भी तैनात किए हैं।

07:13 AM4 अप्रैल 2026

बेरूत पर इजराइल के हमले, हिजबुल्लाह ठिकानों को बनाया निशाना

इजराइल ने लेबनान की राजधानी बेरूत में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर हमले शुरू कर दिए हैं। इजराइली सेना ने कहा है कि वह हिजबुल्लाह की इन्फ्रास्ट्रक्चर साइट्स को निशाना बना रही है।

यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब हिजबुल्लाह ने दक्षिणी लेबनान में इजराइली सैनिकों पर हमलों का दावा किया था।

इससे पहले हिजबुल्लाह ने दावा किया था कि उसने दक्षिणी लेबनान में तीन अलग-अलग जगहों पर इजराइली सैनिकों को निशाना बनाया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!