लखनऊ समेत 20 शहरों में बारिश, फर्रुखाबाद में ओले गिरे:40 जिलों में अलर्ट; किसान बोले- फसलें गिरकर खराब हुईं
सीएम योगी ने बुधवार को बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों का हाल जाना।

यूपी में बेमौसम बारिश हो रही है। बुधवार तड़के से लखनऊ-अमेठी समेत 20 शहरों में रुक-रुककर बारिश हो रही है
। तेज हवाएं चल रही हैं। फर्रुखाबाद में देर रात ओले गिरे।मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 40 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम बिगड़ा है।

सीएम योगी ने बुधवार को बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों का हाल जाना। इसे लेकर अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है। सभी जिलाधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। कहा- किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। फसल नुकसान का आकलन करें और जल्द किसानों को मुआवजा दिलाया जाए।

पिछले 24 घंटे की बात करें तो मंगलवार शाम मथुरा, जालौन और कन्नौज में ओले गिरे। कल कानपुर समेत 10 शहरों में बारिश हुई। बांदा सबसे गर्म शहर रहा। यहां का तापमान 41.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने कहा –
प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखने लगा है। आज पूरे प्रदेश में बारिश होगी। 2 अप्रैल को मौसम साफ रहेगा। 3 और 4 अप्रैल को पश्चिमी यूपी में बारिश हो सकती है। आंधी के आसार भी हैं। तापमान में 3-5°C की गिरावट आएगी।




